पूर्व आईपीएस अधिकारी ने दिल्ली पुलिस के ACP पर भ्रष्टाचार की जांच की मांग की
भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग
लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भारत सरकार के गृह सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक पत्र भेजकर एक कार्यरत सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के खिलाफ एक ऑडियो क्लिप की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
यह पत्र अधिवक्ता राहुल शर्मा द्वारा प्रदान की गई एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पर आधारित है, जिसे राहुल के अनुसार 10 जुलाई 2026 को उनके और दिल्ली पुलिस के एक ACP के बीच हुई व्हाट्सऐप बातचीत बताया गया है।
इस ऑडियो में, ACP द्वारा दिल्ली के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ गंभीर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए गए हैं। बातचीत में यह कहा गया है कि दिल्ली में तैनात आईपीएस अधिकारी हर महीने लगभग 5 से 10 करोड़ रुपये की अवैध आय प्राप्त करते हैं, जबकि ऐसी तैनाती आमतौर पर 2-3 वर्षों तक ही होती है। इस वार्ता में अन्य गंभीर आरोप भी शामिल हैं।
अमिताभ ठाकुर ने बताया कि अधिवक्ता राहुल शर्मा ने जिस व्यक्ति की पहचान ACP के रूप में की है, उसके स्वतंत्र सत्यापन में भी दिल्ली पुलिस में उसी नाम के एक ACP के होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने इस मामले की स्वतंत्र जांच कराने और उसके निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य प्रासंगिक सामग्री भी संलग्न की गई है।
