पेरू में भारतीय युवक पर घातक हमला, लूटे गए सोने के आभूषण
घातक लूट का मामला
लीमा - दक्षिण अमेरिका के पेरू में एक भारतीय नागरिक और उसकी पेरूवियन साथी पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। दोनों एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे, तभी उनकी एसयूवी को कई वाहनों में सवार अपराधियों ने घेर लिया और उस पर 30 से अधिक गोलियां चलाईं। हमलावरों ने गाड़ी के दरवाजे खोलकर सोने के आभूषणों से भरे बैग और सूटकेस लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस गोलीबारी में भारतीय युवक और महिला घायल हुए हैं, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना का विवरण
एयरपोर्ट जाते समय घेराबंदी और फायरिंग
Costa Verde, Callao, Peru में हुई हिंसक लूट।
सुबह लगभग 6:30 बजे, एक समूह ने कई वाहनों में एक काले रंग की आर्मर्ड जीप पर हमला किया। उन्होंने दर्जनों गोलियां चलाईं, दरवाजे खोले और बैग और सूटकेस चुरा लिए।
दो पीड़ितों में पेरू की इंजीनियर मारी नतालि मिरांडा एस्पिनोज़ा (35) और भारतीय नागरिक विजय पगरानी इज़ा (29) शामिल हैं। वह एक व्यवसायी हैं जो पेरू और इक्वाडोर के बीच सोने के व्यापार में लगे हुए हैं। उनकी कंपनी, बालाजी एस.ए.सी., अगस्त 2021 में 15 किलोग्राम सोने की चोरी का शिकार हो चुकी है। दोनों जॉर्ज चावेज़ एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे।
दोनों को गोली लगी है और वे क्लिनिका सैन जूडास टेडियो में स्थिर हैं। पुलिस इस घटना को एक योजनाबद्ध आभूषण चोरी के रूप में देख रही है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
— JIX5A (@JIX5A) November 27, 2026
यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे कैलाओ क्षेत्र के ला परला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज चावेज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। पेरू के एक समाचार पत्र के अनुसार, कई वाहनों में आए बदमाशों ने उनकी एसयूवी को चारों ओर से घेर लिया और फिर वाहन की खिड़कियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस का मानना है कि हमलावर पहले से ही दोनों का पीछा कर रहे थे और इस वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी योजना बनाई थी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद घटना
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
एक नजदीकी इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे ने हमले का वीडियो रिकॉर्ड किया है। फुटेज में नकाबपोश बदमाश एसयूवी को चारों ओर से घेरकर गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक हमलावर ने कार में बैठे व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया। गोलीबारी के बाद बदमाश वाहन में रखे कीमती सामान और सोने के आभूषणों से भरे बैग लेकर फरार हो गए।
हमलावरों की पहचान
तीन वैन में आए थे करीब 10 हमलावर
कैलाओ पुलिस के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि यह लूटपाट और गोलीबारी का मामला है। वारदात में लगभग 10 बदमाश शामिल थे, जिन्होंने तीन वैन और कुछ अन्य वाहनों की मदद से एसयूवी को रोका था। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एक पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के।
हमले में इस्तेमाल गाड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में वारदात में इस्तेमाल ग्रे रंग की एक गाड़ी की पहचान हुई है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर B6H-624 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इस वाहन का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2011 में यह संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक हादसे से जुड़े मामले में दर्ज हुई थी। वहीं, वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास और हथियारों व विस्फोटकों के निर्माण तथा आपूर्ति से संबंधित मामले में भी इसका उल्लेख मिला था।
पुलिस अब इस वाहन के इस्तेमाल, हमलावरों की पहचान और लूटे गए सोने के आभूषणों का पता लगाने में जुटी है।
