फरीदाबाद में 5 लाख फूलों के पौधों का वितरण कार्यक्रम
फूलों के पौधों का वितरण कार्यक्रम
- घर आंगन से लेकर आसपास के इलाके को सुंदर और स्वच्छ बनाना हम सब की जिम्मेदारी: पं. मूलचंद शर्मा
फरीदाबाद, बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा शीतकालीन फूलों के पौधों का वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। पार्क में पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
यह कार्यक्रम सेक्टर-22 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित किया गया, जहां लगभग 5 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे आम जनता को वितरित किए गए।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
घर के आस-पास पेड़-पौधे लगाना जरूरी
इन पौधों के खिलने से घरों, पार्कों और सड़कों के डिवाइडरों पर रंग-बिरंगे फूल खिलेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण और भी सुंदर एवं स्वस्थ रहेगा। मुख्य अतिथि पं. मूलचंद शर्मा ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र और भी हरा-भरा बन सके।
उन्होंने नगर निगम द्वारा इस कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर निगम के पार्षद रवि भगत, ज्ञानेंद्र, संगीता भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, एसडीओ विनोद सिंह, एसडीओ नबाव खान, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कुलदीप मथारू सहित भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
यह जानकारी दी गई कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों और निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में नगर निगम ने इन फूलों के पौधों को तैयार कर जनता के लिए उपलब्ध कराया है। निगम द्वारा पूरे फरीदाबाद में 17 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं। शहरवासियों में पौधें लेने और लगाने का उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
