फरीदाबाद में लौटे डॉक्टरों का नशे में हंगामा, पुलिस से की बदसलूकी
फरीदाबाद में डॉक्टरों का विवादास्पद व्यवहार
फरीदाबाद में वायरल खबरें: विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर लौटे दो डॉक्टरों ने फरीदाबाद में हंगामा खड़ा कर दिया। नशे की हालत में उन्होंने हाई वोल्टेज ड्रामा किया और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की। ये घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं और सोशल मीडिया पर इनसे जुड़े वीडियो तेजी से फैल रहे हैं। पहला मामला बड़खल झील के पास का है, जहां बुधवार शाम कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिलने पर अनखीर थाना की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर कई युवक भाग गए, लेकिन एक डॉक्टर को पकड़ लिया गया। उसे मेडिकल जांच के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने पुलिस और डॉक्टरों के साथ अभद्रता की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने बताया कि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, लोगों ने डॉक्टर की हरकत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
सेक्टर-20 में दूसरा विवाद
दूसरी घटना सेक्टर-20 के एक निजी अस्पताल में हुई, जहां एक डॉक्टर को खराब प्रदर्शन के कारण नौकरी से हटा दिया गया था। इसी रंजिश के चलते वह नशे में अस्पताल पहुंचा और वहां मौजूद एक अन्य डॉक्टर के साथ बदसलूकी करने लगा। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए बीके अस्पताल ले जाया, जहां उसने फिर से हंगामा किया। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, इस मामले में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
