फिरोजपुर में पिकअप और ट्राले की टक्कर में 8 की मौत
भयानक सड़क हादसा
- 15 से अधिक लोग घायल, कई की स्थिति गंभीर
फिरोजपुर, चंडीगढ़: पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को महिंद्रा पिकअप और ट्राले के बीच हुई टक्कर में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना फ़िरोज़पुर-फ़ाज़िल्का रोड पर जंगा वाला मोड़ के पास हुई। घायलों में से कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे पीड़ित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार लोग अपने किसी रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। इसी दौरान जंगा वाले मोड़ पर उनकी पिकअप की जोरदार टक्कर सामने से आ रहे घोड़ा ट्राले से हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए।
पिकअप में सवार थे लगभग 30 लोग
पिकअप में लगभग 30 लोग सवार थे। अंशप्रीत के अनुसार, परिवार सुबह करीब 3:30 बजे घर से निकला था। रास्ते में उन्होंने पेट्रोल डलवाया और जैसे ही वे जंगा वाला मोड़ के पास पहुंचे, उनकी पिकअप सड़क पर खड़े ट्राले से टकरा गई। इस टक्कर के कारण गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और अन्य साधनों से सभी को सिविल अस्पताल भेजा गया।
कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी निखिल गुप्ता ने बताया कि कई लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायल सिविल अस्पताल में भर्ती हैं।
