फिलीपींस में तूफान 'बावी' का कहर: मृतकों की संख्या 18, 12 लापता
तूफान 'बावी' का प्रभाव
मनीला: फिलीपींस में तूफान 'बावी' और दक्षिण-पश्चिमी मानसून के मिलेजुले प्रभाव से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं। यह जानकारी फिलीपींस के ऑफिस ऑफ सिविल डिफेंस (ओसीडी) ने साझा की।
रविवार को ओसीडी ने बताया कि अधिकांश मौतें भूस्खलन और डूबने के कारण हुई हैं। खराब मौसम के चलते देशभर में लगभग 5.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
स्थानीय मौसम एजेंसी 'पीएजेएएसए' ने बताया कि तूफान 'बावी' ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून को और अधिक सक्रिय कर दिया है, जिससे कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
खबरों के अनुसार, प्रशासन ने कई इलाकों में खोज एवं बचाव दल तैनात किए हैं और राहत कार्य जारी है। फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने बताया कि समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम के कारण कई बंदरगाहों पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।
इस बीच, चीन ने भी बाढ़ नियंत्रण और राहत कार्यों को तेज कर दिया है। रविवार को तूफान 'बावी' का असर चीन के कई हिस्सों में बना रहा।
तूफान 'बावी', जो इस वर्ष का नौवां तूफान है, शनिवार रात 11:20 बजे पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से टकराया। इसके बाद आधी रात के आसपास यह दूसरी बार तट पर आया और फिर अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होगा।
पिछले 24 घंटों में झेजियांग प्रांत के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जिससे प्रांत का लगभग 42 प्रतिशत क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
झेजियांग प्रांत के आपातकालीन प्रबंधन विभाग के मुख्य अभियंता हू याओवेन ने बताया कि 1949 के बाद जुलाई में झेजियांग से टकराने वाला 'बावी' सबसे शक्तिशाली तूफान है। इसके विशाल आकार और तीव्रता के कारण तटीय क्षेत्रों में ऊंची लहरें उठीं और इसका प्रभाव दूर-दराज के अंदरूनी क्षेत्रों तक पहुंचा, जिससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और शहरी जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
