फिलीपींस में फेरी आग से पांच की मौत, 87 लापता
फिलीपींस में फेरी में आग लगने की घटना
फिलीपींस में फेरी आग: बुधवार रात को पलावन के निकट एक फेरी में आग लगने से पांच लोगों की जान चली गई और 87 लोग लापता हैं। कोस्ट गार्ड द्वारा जारी वीडियो में MV जून एस्टर के कुछ हिस्सों में आग की लपटें देखी जा सकती हैं, जबकि बचाव दल शवों को निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना तब हुई जब एम/वी जून एस्टर, जो मनीला से कोरोन की ओर जा रही थी, अचानक आग की चपेट में आ गई। फेरी मनीला पोर्ट से रवाना हुई थी और पलावन में कोरोन की दिशा में बढ़ रही थी, जब बारंगाय मार्सिला से लगभग 1.2 नॉटिकल मील (2.2 किमी) उत्तर-पूर्व में आग लग गई।
फिलीपींस तटरक्षक बल ने समुद्र में लपटों से घिरी इस नाव की मदद के लिए प्रयास किए। बुधवार रात को 42 लोगों को बचाया गया, जिनमें 38 यात्री और चार क्रू मेंबर शामिल थे। हालांकि, इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 87 अन्य अभी भी लापता हैं। कोस्ट गार्ड ने बताया कि फेरी के मैनिफेस्ट में 117 यात्री और 17 क्रू मेंबर दर्ज थे।
कोरोन, जो फेरी का गंतव्य है, एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जो अपने साफ पानी, ऊंची चट्टानों और दूसरे विश्व युद्ध के जहाजों के मलबे के लिए जाना जाता है, जो स्कूबा डाइविंग के शौकीनों को आकर्षित करता है।
