फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोलों का नया रिकॉर्ड, दर्शकों की संख्या भी ऐतिहासिक
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ
कैलिफोर्निया: शुक्रवार को फीफा वर्ल्ड कप 2026 ने दो महत्वपूर्ण रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। इस संस्करण में अब तक के सबसे अधिक गोल होने का नया रिकॉर्ड बन गया है।
यह उपलब्धि ग्रुप डी के मैच में अमेरिका और तुर्किये के बीच हुई। अमेरिका के डिफेंडर ऑस्टिन ट्रस्टी ने मैच की शुरुआत में गोल करके टूर्नामेंट का 173वां गोल दागा। इससे पहले 2022 में कतर में हुए वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड टूट गया, जिसमें कुल 172 गोल हुए थे। खास बात यह है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में यह रिकॉर्ड केवल 59 मैचों में बना है। इस मैच में तुर्किये ने अमेरिका को 3-2 से हराकर कुल गोलों की संख्या 177 तक पहुंचा दी।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कम मैचों में नया रिकॉर्ड बनना इस बात का संकेत है कि इस बार टूर्नामेंट में आक्रामक फुटबॉल देखने को मिल रही है। खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन और लगातार गोल इस वर्ल्ड कप को यादगार बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नॉकआउट चरण के कई मुकाबले अभी बाकी हैं, जिससे गोलों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इस बार वर्ल्ड कप पहले से बड़ा है, क्योंकि टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 कर दी गई है, जिससे कुल मैचों की संख्या 64 से बढ़कर 104 हो गई है।
गोलों के साथ-साथ दर्शकों की संख्या में भी इस वर्ल्ड कप ने नया इतिहास रचा है। अब तक 36 लाख 5 हजार 357 से अधिक लोग स्टेडियम में आकर विश्व कप के मुकाबलों का आनंद ले चुके हैं। यह किसी भी टूर्नामेंट के इस चरण तक का सबसे बड़ा दर्शक आंकड़ा है।
इससे पहले, 1994 के वर्ल्ड कप में ग्रुप चरण के अंत तक लगभग 35 लाख दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। हालांकि, फीफा वर्ल्ड कप 2026 ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इन्फेंटिनो ने कहा कि दुनिया भर से बड़ी संख्या में फैंस का स्टेडियम में आना फुटबॉल के प्रति लोगों के प्यार को दर्शाता है। उन्होंने सभी दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि 16 मेजबान शहरों का माहौल शानदार रहा है और यह टूर्नामेंट लोगों को एक साथ जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अभी टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक दौर बाकी है और आने वाले दिनों में कई नए रिकॉर्ड बन सकते हैं। उनके अनुसार सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसक इस आयोजन का आनंद लें और ऐसी यादें लेकर जाएं जिन्हें वे जीवनभर याद रखें।
टूर्नामेंट के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड 17 जून को बना था। उस दिन खेले गए चार ग्रुप मुकाबलों को देखने के लिए 2,81,223 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। यह किसी एक दिन में वर्ल्ड कप मैच देखने आने वाले दर्शकों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1994 वर्ल्ड कप में बना था, जब एक दिन में चार मैचों को देखने 2,77,070 लोग पहुंचे थे।
