फुकेट से दिल्ली लौट रही एअर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस: पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव
नई दिल्ली में एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस का मामला
नई दिल्ली: हाल ही में थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली लौट रही एअर इंडिया की उड़ान में हुई गंभीर टर्बुलेंस ने एक नया मोड़ ले लिया है। यह घटना चार अगस्त को हुई थी, जिसके बाद दोनों पायलटों का डोप टेस्ट किया गया। उच्च स्तरीय सूत्रों के अनुसार, एक पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है। इस जानकारी के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पायलटों को उड़ान से हटा दिया है।
विमान ने अचानक 300 फीट नीचे गिराया
चार अगस्त को एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2379 को अचानक तेज हलचल का सामना करना पड़ा, जिससे विमान कुछ ही सेकंड में लगभग 300 फीट नीचे गिर गया। इस झटके के कारण 24 यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। अधिकांश यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घंटों में छुट्टी दे दी गई।
डीजीसीए की जांच प्रक्रिया जारी
नागरिक विमानन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डीजीसीए इस घटना और पायलटों के टेस्ट परिणामों की जांच कर रहा है। अंतिम रिपोर्ट के बाद यह तय किया जाएगा कि मामले को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को सौंपा जाए या नहीं। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि टर्बुलेंस के दौरान पायलटों द्वारा अपनाया गया तरीका सही था या इसमें कोई मानवीय चूक थी।
एअर इंडिया की प्रतिक्रिया और सुरक्षा नीतियां
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि नियमों के अनुसार क्रू मेंबर्स का फ्लाइट के बाद स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था। हालांकि, टेस्ट के आधिकारिक नतीजे कंपनी के साथ साझा नहीं किए गए हैं, इसलिए एयरलाइन इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि वे डीजीसीए के नियमों का पालन करते हैं और नियमित रूप से क्रू मेंबर्स के ड्रग और मेडिकल टेस्ट कराते हैं। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि वे जांच प्रक्रिया में अधिकारियों को पूरा सहयोग देंगे।
