Newzfatafatlogo

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ने नाम वापस लिया

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने नामांकन के एक दिन बाद अपना नाम वापस ले लिया है। पार्टी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया है। इस निर्णय के पीछे अभिषेक के नामांकन पत्र में गड़बड़ियों की आशंका बताई जा रही है। मतदान 30 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती तीन अगस्त को की जाएगी। जानें इस चुनावी हलचल के बारे में और क्या है प्रशांत किशोर का रुख।
 | 

भाजपा के उम्मीदवार का नामांकन वापस

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर पार्टी ने अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने नामांकन के एक दिन बाद ही अपना नाम वापस ले लिया। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने अब नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है।


बांकीपुर में मतदान 30 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती तीन अगस्त को की जाएगी। बताया जा रहा है कि अभिषेक के नामांकन पत्र में परिवार और शिक्षा से संबंधित जानकारी में कुछ गड़बड़ियां थीं, जिसके कारण भाजपा ने यह कदम उठाया। पार्टी को आशंका थी कि इन गड़बड़ियों के चलते उनका नामांकन रद्द हो सकता है।


अभिषेक कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर चुनावी दौड़ से हटने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'मुझे बीजेपी ने बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी बनाया, इसके लिए मैं केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। मैं पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ सकता। मैं हमेशा कार्यकर्ता के रूप में निष्ठा से सेवा करता रहूंगा।'


बांकीपुर सीट पर नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। अभिषेक ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया था, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसी दिन राजद की प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने भी नामांकन किया था। जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर 13 जुलाई को अपना पर्चा भरेंगे।