बिहार में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत
भागलपुर में दर्दनाक हादसा
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार को सड़क किनारे एक गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में डूबने से छह मासूम बच्चों की जान चली गई। मृतकों में चार लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। इस भीषण घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
करमा पर्व पर नहाने गए बच्चे
करमा पर्व पर नहाने गए थे बच्चे, गहराई का नहीं लगा अंदाजा
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, करमा पर्व के अवसर पर सभी बच्चे गांव के पास स्थित एक बड़े गड्ढे में जमा बाढ़ के पानी में नहाने गए थे। जलभराव के कारण बच्चों को गड्ढे की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा। नहाते समय बच्चे अचानक गहरे पानी में गिर गए और एक-एक करके डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बचाने के लिए पानी में कूद पड़े और पुलिस को भी सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने निकाले शव
पुलिस और ग्रामीणों ने निकाले शव, परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद सभी छह बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों में से पांच सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 के निवासी थे, जबकि एक बच्चा सबौर थाना क्षेत्र का था। एक साथ छह बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा छा गया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने की अपील, जलजमाव वाले इलाकों से बच्चों को रखें दूर
सुल्तानगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। भागलपुर समेत बिहार के कई निचले इलाकों में इन दिनों नदियां उफान पर हैं और जगह-जगह बाढ़ का पानी फैला हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सख्त अपील की है कि वे बाढ़ के पानी, तालाबों और गहरे गड्ढों के पास जाने से बचें और अपने बच्चों को ऐसे खतरनाक जलस्रोतों से दूर रखें।
