बिहार में भक्ति जागरण कार्यक्रम में पुलिस की दबंगई, महिला डांसर को थप्पड़ मारा
बेगूसराय में हंगामा
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में एक भक्ति जागरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस की बर्बरता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में तैनात दरोगा अनिल कुमार झा ने मंच पर डांस कर रही एक महिला कलाकार को जोरदार थप्पड़ मारा और उसे धक्का देकर मंच से नीचे गिरा दिया। इस घटना के बाद उपस्थित भीड़ में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। दरोगा ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली और भीड़ की ओर तान दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
कार्यक्रम बंद कराने पहुंचे थे दरोगा
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार की रात लगभग तीन बजे हुई। पानगाछी चौक पर दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में जागरण कार्यक्रम चल रहा था, जहां सुरक्षा की जिम्मेदारी दरोगा अनिल कुमार झा के पास थी। बताया गया है कि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी कार्यक्रम जारी रहा, जिसके चलते दरोगा वहां पहुंचे। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम रोकने से इनकार करने पर दरोगा मंच पर चढ़ गए। डांसर पर हाथ उठाने से पहले दरोगा और आयोजक के बीच तीखी बहस भी हुई।
एसपी का बयान
घटना के वायरल वीडियो पर बेगूसराय के एसपी मनीष ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में स्पष्ट है कि भक्ति मंच पर कुछ डांसरों द्वारा कथित तौर पर अश्लील डांस किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि माहौल को नियंत्रित करने के लिए दरोगा मंच पर पहुंचे थे, जहां डांसर को हटाने के प्रयास में धक्का-मुक्की हुई।
भीड़ में भगदड़
महिला डांसर को थप्पड़ मारे जाने के बाद पंडाल में मौजूद सैकड़ों लोग भड़क गए और हंगामा खड़ा कर दिया। उग्र भीड़ ने दरोगा को चारों ओर से घेर लिया। स्थिति को बेकाबू होते देख दरोगा ने अपनी पिस्टल निकाल ली और उसे हवा में लहराने लगे, जिससे भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। फिलहाल, पुलिस के उच्च अधिकारी इस मामले और वायरल वीडियो की गहन जांच कर रहे हैं।
