Newzfatafatlogo

बिहार में युवती के साथ अभद्रता पर राहुल गांधी का सवाल, सरकार से मांगा जवाब

बिहार के जमुई में एक युवती के साथ अभद्रता की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस पर सवाल उठाते हुए बिहार सरकार से जवाब मांगा है कि शाम 7 बजे कोई लड़की सड़क पर सुरक्षित क्यों नहीं है। उन्होंने घटना की गंभीरता को उजागर करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानें इस मामले में और क्या कहा गया है।
 | 

जमुई में युवती के साथ अभद्रता का मामला

नई दिल्ली। बिहार के जमुई में एक युवती के साथ हुए अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए बिहार सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने पूछा कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, जमुई का यह वीडियो बेहद चिंताजनक है। 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में रोककर प्रताड़ित किया गया। छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया, जबकि वह हाथ जोड़कर जाने की विनती करती रही, लेकिन गुंडे उसे गलत तरीके से छूते रहे और खींचते रहे।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस तरह की बदतमीजी करने का अधिकार किसने दिया? यह कोई संस्कृति नहीं, बल्कि पितृसत्ता है: यह सोच कि पुरुषों का अधिकार है कि वे किसी लड़की के शरीर, उसकी स्वतंत्रता और पसंद पर नियंत्रण रखें। जब इस नियंत्रण को संस्कृति मान लिया जाता है, तो भीड़ को लगता है कि यही कानून है।

उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी व्यक्तियों की पहचान होनी चाहिए और उन पर POCSO के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि यदि यह घटना 19 सितंबर को हुई थी, तो अपराधी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुए? बिहार सरकार को यह भी बताना चाहिए कि शाम 7 बजे कोई लड़की सड़क पर सुरक्षित क्यों नहीं है?