बिहार में शादी समारोह में दूल्हे की अचानक मौत से मचा कोहराम
दूल्हे की तबीयत बिगड़ी, शादी का माहौल गमगीन
बिहार: मोतिहारी जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में एक शादी समारोह के दौरान एक दुखद घटना घटी। विवाह की रस्मों के बीच दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, मझौलिया थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव के 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की बारात धूमधाम से चिकनी गांव पहुंची थी। विवाह समारोह में दूल्हा-दुल्हन मंडप में बैठे हुए थे और रस्में चल रही थीं, जबकि बारात में भोजन का कार्यक्रम भी जारी था।
इसी बीच, दूल्हे को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ और वह मंडप में गिर पड़ा। परिजनों ने तुरंत उसे रामगढ़वा बाजार के एक निजी अस्पताल में ले जाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रक्सौल स्थित एसआरपीएस हॉस्पिटल रेफर किया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर सुनते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और शादी का माहौल गमगीन हो गया। दुल्हन रघुनी कुमारी की शादी की तैयारियां और मेहंदी की रस्में अधूरी रह गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारात का स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया था और शादी की रस्में पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं, तभी यह दुखद घटना घटित हुई।
मृतक शक्तिनाथ शर्मा अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और बड़े भाई ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। घटना के बाद उनके पैतृक गांव भरवलिया में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरा गांव इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
