Newzfatafatlogo

बुलंदशहर में तंत्र-मंत्र के लिए 4 साल की बच्ची की हत्या का मामला

बुलंदशहर में एक चार साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें तंत्र-मंत्र का संदेह जताया जा रहा है। बच्ची शनिवार सुबह लापता हुई थी, और पुलिस ने पड़ोसी महिला के कमरे से उसका शव बरामद किया। शव पर तंत्र-मंत्र की क्रियाएं की गई थीं, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। जानें इस घटना के पीछे की पूरी कहानी और पुलिस की कार्रवाई के बारे में।
 | 

बुलंदशहर में बच्ची की हत्या की घटना

बुलंदशहर अपराध : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक चौंकाने वाली घटना में तंत्र-मंत्र के लिए एक चार साल की बच्ची की हत्या की गई है। बच्ची शनिवार सुबह अचानक गायब हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने घर-घर जाकर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान बच्ची का शव पड़ोसी किराएदार महिला के कमरे से बरामद हुआ, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ मोहल्ले की है। यहां ऑटो चालक सचिन की चार साल की बेटी मान्या शनिवार सुबह 11 बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी देर तक उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। फिर थाना कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, कोतवाली सिकंदराबाद सहित सात थानों की पुलिस और एसओजी ने बच्ची की तलाश में जुट गए।

तलाशी के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी देखे गए, लेकिन बच्ची कहीं नहीं मिली। पुलिस ने आसपास के संदिग्ध मकानों की जांच की। तभी पड़ोस की किराएदार महिला सोनाली के बंद कमरे पर सबकी नजर पड़ी। पुलिस ने महिला को कमरे का दरवाजा खोलने के लिए बुलाया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। संदेह के आधार पर कमरे का ताला तोड़ने पर अंदर बच्ची का शव गद्दे के नीचे पाया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्ची के हाथों की अंगुलियां कटी हुई थीं और उसके शरीर पर तंत्र-मंत्र की क्रियाएं की गई थीं। बिस्तर के चारों ओर चाक से कुछ आकृतियां बनाई गई थीं, जिन पर कुछ बच्चों के नाम भी लिखे गए थे। बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तंत्र-मंत्र में बलि चढ़ाने का आरोप लगाते हुए भूड़ चौराहे पर जाम लगा दिया। इसके बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया।

गुस्साए लोग जिला अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे और आरोपी महिला को फांसी देने की मांग की। इस मामले में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्ची की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए की गई है। मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। आरोपी महिला एक साल पहले पड़ोस में किराए पर रह रही थी और वह अपनी 7 साल की बेटी और बेटे के साथ रहती है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।