बेंगलुरु में पत्नी की हत्या: आवारा कुत्ते ने खोला हत्या का राज
बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली हत्या
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अवैध संबंधों के संदेह में अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी 34 वर्षीय पत्नी का गला काटकर शव को एक बोरी में भरकर पार्क के कचरे के ढेर में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। यह भयावह हत्या दो महीने तक छिपी रही, लेकिन एक आवारा कुत्ते की हरकत ने इस मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कुत्ते की हरकत से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, यह घटना कोडिगेहल्ली इलाके के गुंडांजनेय मंदिर पार्क में हुई। करीब दो महीने पहले इस हत्या को अंजाम दिया गया था। 6 नवंबर को पार्क में टहलने आए लोगों ने एक इंसानी खोपड़ी देखी, जिसे एक आवारा कुत्ता कचरे से खींचकर बाहर ले आया था। इस दृश्य ने लोगों को चौंका दिया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन की और खोपड़ी से लगभग 30 मीटर दूर एक बोरी बरामद की, जिसमें एक महिला का कंकाल था। मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुजाता के रूप में हुई।
पहले पति की मौत के बाद दूसरी शादी
पुलिस की जांच में पता चला कि सुजाता के पहले पति की पांच साल पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसने अपने पांच बच्चों को अपनी बहन के पास छोड़ दिया और खुद कचरा बीनने का काम करने लगी। इसी दौरान उसकी मुलाकात 9 साल छोटे फयाज पाशा से हुई, और दोनों ने करीब पांच महीने पहले शादी की। शादी के बाद पाशा को सुजाता के चरित्र पर शक होने लगा, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
हत्या का कारण: शराब के नशे में विवाद
पुलिस ने आरोपी फयाज पाशा से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि दो महीने पहले रात को दोनों ने पार्क में शराब पी थी। नशे की हालत में किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, और गुस्से में आकर पाशा ने चाकू से सुजाता का गला काट दिया। हत्या के बाद उसने शव को बोरी में भरकर कचरे के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में जुटी थी और अंततः 18 नवंबर को उसे येलहंका से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
इस जघन्य हत्या का खुलासा एक आवारा कुत्ते के जरिए हुआ, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए जांच जारी है।
