भंडारा में सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की जान गई, तीन बच्चे शामिल
दर्दनाक सड़क हादसा
मुंबई : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार की सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंपलगांव सड़क के निकट भाऊ ढाबा के पास हुआ, जब एक पिकअप वाहन की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए साकोली उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
