भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने विजिलेंस के समक्ष पेश होकर दी जानकारी
सुधीर शर्मा की विजिलेंस में पेशी
धर्मशाला (गौरव सूद)- पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कार्यालय में पेशी दी। वह सुबह विजीलेंस कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी पूछताछ 11.50 बजे से 2 बजे तक लगभग 2 घंटे तक चली।
इस दौरान, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर भी उनके साथ उपस्थित रहे। विजीलेंस कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बड़ी संख्या काली पट्टियां बांधकर आई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। पूछताछ के दौरान, विधायक ने अपनी पैतृक संपत्ति, निर्माण कार्य, बैंक लेन-देन और आयकर रिटर्न से संबंधित जानकारी जांच अधिकारियों के सामने प्रस्तुत की। लगभग 2 घंटे की पूछताछ में विजीलेंस ने 30 से अधिक प्रश्न पूछे।
सुधीर शर्मा का बयान
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि विकास और रोजगार के मोर्चे पर असफलता के बाद विपक्ष पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं ताकि ध्यान भटकाया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को कुर्सी पर अमर मानते हैं और पुलिस बल का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में राजनीतिक प्रतिशोध की जो नई परंपरा शुरू की जा रही है, उसके गंभीर परिणाम होंगे। सुधीर ने यह भी कहा कि सरकार केवल वीरभद्र सिंह के समय के मंत्रियों को निशाना बना रही है। उन्हें किसी जांच का डर नहीं है और सभी तथ्य पूरी तरह से पारदर्शी हैं। कुछ दस्तावेज विजीलेंस को सौंप दिए गए हैं और कुछ बाद में दिए जाएंगे।
