भारत ने नेपाल के लिए भेजे राहत विमान, 21.5 टन सामग्री पहुंचाई
भारत की मानवीय सहायता नेपाल के लिए
नई दिल्ली: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों की सहायता के लिए भारत ने दो और सी-130जे विमान भेजे हैं। इन विमानों के माध्यम से 21.5 टन राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई गई है। यह सामग्री विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री महाबीर पुन को सौंपी गई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत ने नेपाल के लिए अपनी मानवीय सहायता जारी रखते हुए दो और सी-130जे विमान राहत सामग्री के साथ भेजे हैं।
जायसवाल ने कहा कि इन विमानों के जरिए भेजी गई राहत सामग्री में फोरेंसिक किट और चिकित्सा सामग्री भी शामिल है। यह अतिरिक्त सहायता नेपाल में चल रहे राहत और बचाव कार्यों को और मजबूत करेगी और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत ने एक बार फिर संकट के इस समय में नेपाल के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए राहत कार्यों में सहयोग जारी रखा है।
नेपाल के इस कठिन समय में भारत लगातार मदद का हाथ बढ़ा रहा है। इससे पहले भी भारत ने अलग-अलग तारीखों में नेपाल के लिए पांच विमान राहत सामग्री भेजे हैं।
बुधवार को नेपाल के लिए भारत का पांचवां राहत विमान काठमांडू पहुंचा था, जिसमें 11 सदस्यीय बचाव दल, विशेष उपकरण और 5.5 टन आवश्यक दवाइयां शामिल थीं।
बुधवार तक, नेपाल की मदद के लिए भारत ने 68 टन से अधिक राहत सामग्री और विशेष बचाव दल भेजा था। भेजी गई सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, मजबूत तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट शामिल हैं। इसके अलावा, आवश्यक दवाइयां, खाद्य पैकेट, सोलर लैंप, पानी शुद्ध करने की गोलियां और पोर्टेबल जनरेटर भी भेजे गए हैं।
