भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने की अवैध शराब और सिगरेट की तस्करी में गिरफ्तारी
महराजगंज ब्यूरो: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध विदेशी शराब और सिगरेट के साथ पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह की निगरानी में थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार, चौकी प्रभारी सोनौली उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम फरेन्दी तिवारी-तिलहवा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 06 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (रेड लेबल जॉनी वॉकर, 750 एमएल) और दो ट्रॉली बैग में 38 पैकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट बरामद हुए।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान यशपाल गावा (72 वर्ष) पुत्र हाकम राय गावा, निवासी ए-68 गणेश नगर, थाना तिलक नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सोनौली में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज, कांस्टेबल बासुदेव यादव, अश्वनी यादव और आयुष चौबे शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
