Newzfatafatlogo

भारत में मानसून का फिर से आगाज़: बारिश की चेतावनी जारी

भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, झारखंड, और मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में मौसम के बदलाव की जानकारी दी है, जिसमें पश्चिम बंगाल और ओडिशा भी शामिल हैं। जानें और किन राज्यों में बारिश का अलर्ट है और मौसम का मिजाज क्या है।
 | 

नई दिल्ली में मानसून की सक्रियता


नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आज तेज बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।


बिहार और झारखंड में भारी बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी के आसपास बने मौसम प्रणाली का प्रभाव बिहार, झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है। बिहार में 19 और 20 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है, जबकि झारखंड में 20 से 22 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है।




पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मौसम का मिजाज

पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में 19 से 24 अगस्त के बीच बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा में भी 22 अगस्त तक गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।


यूपी और एमपी में मौसम में बदलाव

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 24 अगस्त के बीच तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद समेत कुछ क्षेत्रों में 19 और 22 अगस्त को बारिश की संभावना है।


मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी एमपी में 23 और 24 अगस्त को बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आंधी, बिजली और गरज-चमक को लेकर चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़ में 21-22 अगस्त को बारिश हो सकती है।


दिल्ली में मौसम का मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में आज बहुत तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 19 और 22 अगस्त को बारिश का अलर्ट है। पंजाब में 19 अगस्त को बारिश होने की संभावना जताई गई है।


पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

उत्तराखंड में 24 अगस्त तक कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी है। जम्मू-कश्मीर में 23 अगस्त तक बारिश और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 22 अगस्त तक बारिश की संभावना है।


इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी 24 अगस्त तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।