भारतीय परिवार की वियतनाम में शर्मनाक हरकत, रेस्टोरेंट में मचाया उत्पात
वियतनाम के रेस्टोरेंट में भारतीय परिवार का बवाल
हो ची मिन्ह सिटी: विदेशों में छुट्टियां मनाने वाले कुछ लोगों की हरकतें कभी-कभी पूरे देश को शर्मिंदा कर देती हैं। हाल ही में वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक प्रसिद्ध भारतीय रेस्टोरेंट 'बॉम्बे बाइट्स' में एक भारतीय परिवार ने जमकर उत्पात मचाया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज रेस्टोरेंट की मालिक ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें यह स्पष्ट है कि यह परिवार रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर रहा है और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है।
बच्चों को टोकने पर भड़के माता-पिता
जानकारी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब परिवार के बच्चे डाइनिंग एरिया में चम्मच, टिश्यू पेपर, टेबल क्लॉथ और मेन्यू कार्ड फेंकने लगे। जब रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने विनम्रता से माता-पिता से बच्चों को ऐसा करने से रोकने का अनुरोध किया, तो वे उल्टा गुस्सा हो गए। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को कर्मचारियों से बहस करते हुए और सामान फेंकते हुए देखा जा सकता है। रेस्टोरेंट के एक शेफ ने बताया कि आरोपी पूरी तरह से नशे में थे और उन्होंने स्टाफ को धमकाते हुए कहा कि वे इतने अमीर हैं कि रेस्टोरेंट खरीदकर उसे नष्ट कर सकते हैं।
SHOCKING | Parents assaulted staff at an Indian restaurant in Vietnam after employees asked their children to stop throwing tissues.
The children then hurled plates and glasses. pic.twitter.com/FElHL7X9VE
— FalconUpdatesHQ (@FalconUpdatesHQ) June 30, 2026
रेस्टोरेंट की मालिक का करारा जवाब
इस घटिया हरकत के बाद रेस्टोरेंट की मालिक ऐश्वर्या खन्ना सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए इस परिवार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने लिखा कि किसी का 'इन्फ्लुएंसर' होना या उसके पास अधिक फॉलोअर्स होना उसे बुनियादी शिष्टाचार से ऊपर नहीं रखता। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट कोई खेल का मैदान नहीं है और उनका स्टाफ किसी का गुस्सा सहने के लिए नहीं है। ऐश्वर्या ने यह भी बताया कि परिवार ने अपनी गलती मानने के बजाय गूगल रिव्यू पर झूठी शिकायत दर्ज की कि 'भारतीय' होने के कारण उन्हें खराब सेवा मिली। उन्होंने कहा कि मेहमाननवाजी उनका काम है, लेकिन सम्मान सभी के लिए आवश्यक है और इस तरह की धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
