भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एशिया कप 2026 जीत पर बधाई संदेश
भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत
नई दिल्ली: दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भारतीय महिला टीम ने विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीता। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने टीम को बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पर लिखा, "महिला टी20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 जीतने पर टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में एकजुटता के साथ शानदार प्रदर्शन किया और सभी मैचों में जीत हासिल की। यह जीत हमारे युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मुझे विश्वास है कि वे भविष्य में और भी प्रेरणादायक कहानियाँ बनाएंगी।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा, "भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण! एशिया कप जीतने पर महिला टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट में उनका आत्मविश्वास और जज़्बा देखने लायक था। यह जीत लाखों युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करेगी।"
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा, "महिला टी20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 में विजेता बनने पर हमारी महिला क्रिकेट टीम को बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए यह खिताब जीता, और 8वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की। हर मैच में आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ खेलते हुए भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह विजय केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि देश की बेटियों की मेहनत और सपनों की जीत है।"
बता दें कि भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराया। श्रीलंका ने 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप की ट्रॉफी आठवीं बार जीती है।
