भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान, सलीमा टेटे होंगी कप्तान
भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा
नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला विश्व कप 2026 के लिए 20 खिलाड़ियों की भारतीय टीम की घोषणा की है। इस टीम की कप्तानी सलीमा टेटे को सौंपी गई है।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने चयनित टीम को संतुलित बताया है। यह विश्व कप 15 से 30 अगस्त के बीच आयोजित होगा, जिसमें नीदरलैंड और बेल्जियम मेज़बानी करेंगे। बेंगलुरु में चल रहे नेशनल कैंप में यह टीम प्रशिक्षण ले रही है, जिसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। हाल ही में न्यूजीलैंड में हुए एफआईएच नेशंस कप में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था और बिना किसी हार के खिताब जीता था।
टीम में गोलकीपर के रूप में सविता और बिचू देवी खारीबम शामिल हैं। डिफेंस में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति और शिल्पी डबास हैं। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग शामिल हैं। फॉरवर्ड लाइन में लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को रखा गया है।
कोच मारिजाने ने टीम के चयन पर कहा, “हमने एक संतुलित समूह का चयन किया है जो आगामी चुनौतियों के लिए तैयार है। टीम ने कड़ी मेहनत की है और हमें उनकी क्षमताओं पर भरोसा है। हम दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित हैं।”
भारतीय टीम को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के साथ रखा गया है। टीम अपने सभी पूल-स्टेज मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारतीय टीम का पहला मैच 16 अगस्त को चीन के खिलाफ होगा, इसके बाद 18 अगस्त को साउथ अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला होगा।
एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम:
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग
