भारतीय रेलवे ने लॉन्च किया नया ऐप, ट्रेनों की देरी की जानकारी तुरंत मिलेगी
ट्रेनों की समय पर आवाजाही के लिए नया ऐप
Punctuality BZA : भारत में ट्रेन यात्रा करना लोगों के लिए एक आरामदायक अनुभव होता है। लेकिन कभी-कभी ट्रेन के समय पर न आने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए भारतीय रेलवे ने तकनीक का सहारा लिया है। रेलवे ने ट्रेनों की समय पर आवाजाही और उनकी देरी की रियल-टाइम जानकारी के लिए एक नया एंड्रॉयड ऐप लॉन्च किया है, जिसका नाम 'पंक्चुअलिटी' (Punctuality BZA) है। यह ऐप साउथ कोस्ट रेलवे के विजयवाड़ा मंडल द्वारा विकसित किया गया है।
यह ऐप रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों की आवाजाही और उनकी देरी की जानकारी तुरंत प्रदान करेगा। यह ऐप ट्रेनों के सही समय पर चलने की पल-पल की जानकारी रखेगा। इसके माध्यम से रेलवे अधिकारी और कंट्रोल रूम के कर्मचारी कहीं से भी ट्रेनों की स्थिति पर नजर रख सकेंगे, जिससे डेस्कटॉप सिस्टम पर निर्भरता कम हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह नया ऐप पुराने ICMS वेब पोर्टल की कई समस्याओं को हल करता है। पहले अधिकारियों को अलग-अलग स्क्रीन पर जाकर बार-बार ओटीपी डालकर लॉग इन करना पड़ता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया काफी सरल और तेज हो गई है।
साउथ कोस्ट रेलवे के अनुसार, 'Punctuality BZA' ऐप में ट्रेनों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी एक ही डैशबोर्ड पर उपलब्ध है।
इस ऐप की एक विशेषता यह है कि यदि कोई ट्रेन 15 मिनट से अधिक लेट होती है, तो अधिकारियों को स्वतः नोटिफिकेशन प्राप्त होता है। इससे वे तुरंत स्थिति का पता लगाकर आवश्यक कदम उठा सकते हैं।
