भारतीय सेना में इंटर्नशिप का सुनहरा अवसर, 75 दिन में कमाएं 75,000 रुपये
भारतीय सेना का इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026-27
नई दिल्ली: यदि आप भारतीय सेना के साथ जुड़ने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आया है। भारतीय सेना ने अपने 'इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम' (IAIP) 2026-27 के दूसरे संस्करण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्यक्रम के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा, रणनीतिक संचार, फिनटेक, मानव संसाधन प्रबंधन, संचालन लॉजिस्टिक्स और उन्नत युद्ध प्रणाली जैसे 30 से अधिक ट्रेड्स में इंटर्नशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभिन्न ट्रेड्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथियाँ भी अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
चयन के बाद एक ही ट्रेड में इंटर्नशिप
इस प्रोग्राम के अंतर्गत उम्मीदवारों को कई ट्रेड्स में आवेदन करने की अनुमति है, लेकिन चयन के बाद वे केवल एक इंटर्नशिप का ऑफर लेटर स्वीकार कर सकते हैं। भारतीय सेना ने सलाह दी है कि उम्मीदवार किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित ट्रेड उनकी क्षमताओं, रुचियों और भविष्य के करियर लक्ष्यों के अनुसार उपयुक्त है या नहीं।
75 दिन की इंटर्नशिप और आकर्षक स्टाइपेंड
यह एक पेड इंटर्नशिप प्रोग्राम है, जिसकी अवधि 75 दिन है। सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने वाले उम्मीदवारों को 75,000 रुपये तक का स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि, स्टाइपेंड की अधिकतम राशि हर ट्रेड के अनुसार भिन्न होगी। सेना ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार को मिलने वाला स्टाइपेंड उसकी कुल उपस्थिति पर निर्भर करेगा।
दिल्ली में इंटर्नशिप और आवास की व्यवस्था
भारतीय सेना द्वारा चयनित सभी उम्मीदवारों की इंटर्नशिप दिल्ली में आयोजित की जाएगी। सेना ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को इंटर्नशिप शुरू होने से पहले अपनी आवास व्यवस्था स्वयं करनी होगी, क्योंकि इस प्रोग्राम के तहत सेना की ओर से कोई आवास सुविधा नहीं दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए इच्छुक उम्मीदवार AICTE के इंटर्नशिप पोर्टल internship.aicte-india.org पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सेना ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह इंटर्नशिप युवाओं को सेना के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव और पेशेवर एक्सपोजर प्रदान करती है, लेकिन इसे पूरा करने के बाद किसी स्थायी नौकरी या प्लेसमेंट की गारंटी नहीं दी जाएगी।
