मथुरा में जन्माष्टमी का उत्सव: भक्तों की उमड़ी भीड़ और भक्ति का माहौल
जन्माष्टमी का पर्व मथुरा में धूमधाम से मनाया गया
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह से ही भक्तों की भीड़ कृष्ण जन्मभूमि पर उमड़ पड़ी है। देशभर से आए श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह की मंगला आरती में हजारों भक्त शामिल हुए।
आरती के बाद मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। भक्त ढोल-ताशे और नगाड़ों की थाप पर झूमते और नाचते नजर आए। पूरा कृष्ण जन्मभूमि परिसर कन्हैया के जयकारों से गूंज उठा। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे भक्तों को दर्शन में कोई परेशानी नहीं हो रही है।
एक महिला भक्त ने कहा, "यह सब कान्हा जी की कृपा से हो रहा है। उनकी लीला और माया अद्भुत है। जब से हमने कान्हा की शरण ली है, हमारे जीवन में चमत्कार हो रहे हैं।"
एक अन्य भक्त मोहन सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "हम यहां पिछले 15 सालों से त्योहार मना रहे हैं। यहां आकर हमें बहुत खुशी मिलती है। मैं खुद नहीं नाचता, बल्कि कान्हा खुद मुझे नचाते हैं।"
एक श्रद्धालु ने कहा, "कन्हैया जी के आशीर्वाद से मुझे संत रस जी के दर्शन हुए हैं। हर साल यहां की भव्यता बढ़ती जा रही है।"
एक महिला भक्त ने बताया, "मथुरा मेरी ससुराल है, और मैं रोज भगवान के दर्शन करने आती हूं। आज जन्माष्टमी पर दर्शन करने आई हूं, और यह अनुभव बहुत अच्छा है।"
एक अन्य महिला भक्त ने कहा कि वह पिछले 20 साल से मंदिर आ रही हैं। उन्होंने कहा, "यहां की व्यवस्था अब बहुत अच्छी है। आज भी सुविधाएं बेहतरीन हैं।"
एक भक्त ने कहा, "मैं सुबह 3 बजे आया था। यहां की सुविधाएं पहले से कहीं बेहतर हैं और मुझे बहुत मजा आ रहा है।"
