महिलाओं के लिए विशेष न्याय परामर्श केंद्र का आयोजन
नई दिल्ली में कानूनी अधिकारों की जानकारी
नई दिल्ली: अधिवक्ता परिषद, दिल्ली प्रांत की साकेत कोर्ट इकाई ने अपने 35वें स्थापना दिवस के अवसर पर कालकाजी में विशेष न्याय परामर्श केंद्र का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लगभग 35 महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साकेत इकाई की अध्यक्ष अधिवक्ता वीणा कालरा ने की, जिन्होंने परिषद की गतिविधियों और महिलाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध है।
इस अवसर पर, साकेत इकाई के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के साथ व्यक्तिगत कानूनी परामर्श सत्र आयोजित किए, जिसमें उनकी समस्याओं को समझते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उपस्थित लोगों को दक्षिण दिल्ली में साकेत कोर्ट इकाई द्वारा संचालित न्याय परामर्श केंद्रों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और अन्य लोग इन केंद्रों के माध्यम से पुनः कानूनी परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। आयोजन की सफलता में कालकाजी जिला सेवा भारती के कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से विवेक गोयल और अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
