मानसून का कहर: 15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम में बदलाव की चेतावनी
नई दिल्ली: मानसून की गतिविधियों के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित 15 राज्यों में आज बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आइए जानते हैं कि आज विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 10 से 15 सितंबर के बीच मौसम में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार, आज यानी 10 सितंबर को राजधानी का मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि, 11 सितंबर से बादल छाने लगेंगे। 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। 14 सितंबर को मौसम फिर से साफ हो सकता है, लेकिन 15 सितंबर को फिर से तेज बारिश होने की आशंका है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम खराब रहने की संभावना है। गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर में तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाएं 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार का मौसम
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गोपालगंज, सिवान, शिवहर, पूर्वी चंपारण, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में तेज बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा भी है। इस दौरान हवाएं लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के मौसम में भी बदलाव जारी रहेगा। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिन मानसून कमजोर रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले पांच दिनों तक मानसून की गतिविधियां कम रहने की उम्मीद है। हालांकि, अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा और करौली में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश में आज कई क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन, गुना, खंडवा, पन्ना, श्योपुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, जबलपुर, अशोकनगर और नीमच में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। भोपाल में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
