मानसून की बारिश से कई राज्यों में तबाही, जानें हालात
राज्यों में बारिश से उत्पन्न संकट
नई दिल्ली। मानसून की लगातार बारिश ने कई राज्यों में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। उत्तराखंड में तेज बहाव के कारण एक पुल बह गया, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया। इस घटना में बीआरओ का एक जवान भी बह गया है। वहीं, मध्य प्रदेश में एक वाहन पानी में बह जाने से नौ लोगों की जान चली गई। भोपाल में 24 घंटे में सात इंच बारिश हुई, जिससे कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हो रही है। इस कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक ईको वैन नाले में बह गई, जिसमें तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई। दो युवकों ने तैरकर अपनी जान बचाई।
राजस्थान के झालावाड़ में कालीखाड़ डैम से पानी बह रहा है, जिससे झीकनी गांव के स्कूल में जलभराव हो गया। वहां फंसे 30 बच्चों को गांव वालों ने सुरक्षित निकाला। उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे पर बह रहा है, जिससे 40 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। उत्तराखंड के चमोली में नीती वैली में लगातार बारिश के कारण तमक के पास का पुल बह गया, जिससे घाटी के 17 गांवों का संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है।
