मानसून में बदलाव: 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें क्या है मौसम का हाल
मौसम में बदलाव का अलर्ट
नई दिल्ली: मानसून के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में एक बार फिर बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बावजूद उमस से लोगों को परेशानी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून सक्रिय बना हुआ है।
दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश
दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौसम पूरी तरह से सुहावना नहीं रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। हरियाणा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का पूर्वानुमान
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जैसे कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रह सकता है।
बिहार में भी बारिश और गरज-चमक
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और गरज-चमक की संभावना है। गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय में मौसम खराब रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और हिमाचल में अलर्ट
गंगेटिक पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। सिक्किम में भी अच्छी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में पूरे सप्ताह कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी सप्ताह के अधिकांश दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
