मुख्यमंत्री धामी ने थत्यूड़ में जौनपुर महोत्सव का उद्घाटन किया
जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थत्यूड़ में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार टिहरी झील क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में घोषित किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए कद्दूखाल में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को आवागमन और पार्किंग में बेहतर सुविधा मिलेगी।
ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और उत्पादों को पहचान एवं प्रोत्साहन देने का माध्यम बनते हैं। pic.twitter.com/Zt6Ismys5J
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 12, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे।
