Newzfatafatlogo

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए प्राचीन ज्ञान परंपरा का उल्लेख किया। योगी ने शिक्षकों की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया और उत्तर प्रदेश की ज्ञान परंपरा को आधुनिक पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी गुरुजनों को बधाई दी।
 | 

शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री का संदेश


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक सेल्फी वीडियो साझा किया और प्राचीन ज्ञान परंपरा को याद किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश की विशिष्ट ज्ञान परंपरा को आधुनिक रूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले सभी गुरुजनों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई। उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ज्ञान, साधना और संस्कारों की पावन भूमि रहा है। काशी ने विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिया, जबकि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश दिया था। अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज भी सनातन ज्ञान परंपरा के प्रमुख केंद्र रहे हैं।




मुख्यमंत्री ने शुकतीर्थ और नैमिषारण की ज्ञान परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लगभग पांच हजार वर्ष पूर्व शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव जी ने श्रीमद्भागवत का पहला पाठ किया था। वहीं नैमिषारण्य में 88 हजार ऋषियों की साधना ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया। इसी भूमि से आयुर्वेद, अध्यात्म, दर्शन और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराएं विकसित हुईं।