मुख्यमंत्री योगी का हाथरस दौरा: 143 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री का हाथरस दौरा
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस का दौरा किया, जहां उन्होंने 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास, कानून-व्यवस्था, किसानों के कल्याण, औद्योगिक प्रगति, धार्मिक स्थलों और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा की। साथ ही, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उनके नेता अखिलेश यादव पर भी तीखे हमले किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न तो कोई दंगा हुआ है और न ही कर्फ्यू लगाया गया है। सभी त्योहार और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं। हाल ही में मुहर्रम का आयोजन भी बिना किसी समस्या के संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि हम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर Employment & Industrial Zone का निर्माण कर रहे हैं, जहां युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
हाथरस में उद्यमियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा। सीएम योगी ने कहा कि आलू उत्पादन करने वाले किसानों के लिए विशेष प्रोसेसिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी फसल का कई गुना अधिक मूल्य मिलेगा।
