मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिवाली बाजार का उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री ने ‘कैफे मस्त’ में भोजन किया और कार्यकुशलता की प्रशंसा की
मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार का आश्वासन दिया
नई दिल्ली (समाचार स्रोत): दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘दिवाली बाजार 2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर, उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और दृष्टिबाधित व्यक्तियों द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के कार्यों की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की शारीरिक चुनौतियाँ उनकी प्रतिभा और सपनों में बाधा नहीं बननी चाहिए। दृष्टिबाधित नागरिकों में अपार हुनर और आत्मनिर्भरता की क्षमता है। समाज को चाहिए कि वे उनके हुनर को पहचानें और उन्हें प्रोत्साहित करें। दिल्ली सरकार भी दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी ढांचे को सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें समान अवसर मिल सकें।
*मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में स्थानीय उत्पादों का सम्मान
दिवाली बाजार में खरीदारी करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार जनसेवा सदन के लिए आवश्यक सजावटी सामान भी इस मेले से खरीदा जाएगा। यहां के उत्पाद दृष्टिबाधित कारीगरों की मेहनत और रचनात्मकता का परिचायक हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस बाजार में आएं और दृष्टिबाधित व्यक्तियों के हुनर को प्रोत्साहित करें।
*‘कैफे मस्त’ में भोजन कर मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया
मुख्यमंत्री ने ‘कैफे मस्त’ में भी भोजन किया, जो दृष्टिबाधित युवाओं द्वारा संचालित है। यह कैफे मल्टी-स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम से जुड़ा हुआ है, जहां युवा खुद खाना बनाते हैं और ग्राहक सेवा का कार्य संभालते हैं। उन्होंने युवाओं की कार्यकुशलता की सराहना की। ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन का दिवाली बाजार पिछले 45 वर्षों से दिल्ली की दिवाली परंपरा का हिस्सा है। इस वर्ष, यह बाजार 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें 250 से अधिक स्टॉल होंगे।
