मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में छह दोस्तों की दर्दनाक मौत
दर्दनाक सड़क हादसा
मुजफ्फरनगर समाचार: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार की सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। हरियाणा के हिसार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे छह दोस्तों की कार में आग लग गई, जिससे उनकी जान चली गई। यह हादसा पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी के पास हुआ। युवकों की हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर से भी टकरा गई और उसमें आग लग गई। आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और सभी युवक अंदर फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक सभी की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान साहिल (20), अमन (21), अजय (21), अंकित (21), एक अन्य अंकित (21) और राहुल (23) के रूप में हुई है। इनमें से चार युवक हिसार जिले के राखीगढ़ी गांव के निवासी थे, जबकि दो युवक मोठ गढ़ी गांव के थे। मृतकों में राहुल और अंकित सगे भाई भी थे। सभी युवक दिवाली का त्योहार मनाने के बाद हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकले थे। अमन, अजय और अंकित पढ़ाई कर रहे थे, जबकि अन्य युवक स्वरोजगार से जुड़े थे। उनकी अचानक मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर है।
परिवार को बिना बताए निकले
सूत्रों के अनुसार, सभी छह युवक दिवाली का त्योहार मनाने के बाद रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के आसपास हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को अपनी यात्रा के बारे में नहीं बताया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मुजफ्फरनगर पहुंचे। मृतक साहिल के पिता सोम कुमार ने बताया कि हादसे के समय उनका बेटा कार चला रहा था। दुर्घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई ऑरा कार प्रवीण की बताई जा रही है, जिसे साहिल ने हादसे से करीब दो दिन पहले खरीदी थी।
कार में आग लगने की घटना
पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। इसके बाद वाहन डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और कुछ ही समय में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह जल चुकी थी और उसमें सवार युवकों के शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया। पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
