मुजफ्फरपुर के अस्पताल में आग, 5 लोगों की मौत की पुष्टि
मुजफ्फरपुर में आगजनी की घटना
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के लगभग दो बजे भीषण आग लग गई। इस घटना में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में 30 वर्षीय शशांक कुमार, गीता देवी, 57 वर्षीय उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी शामिल हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आग आईसीयू की ऊपरी मंजिल पर लगी, जिससे पूरे परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों तथा उनके परिजनों के बीच भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
बेसुध लोगों का रेस्क्यू
ब्रहपुरा थाना क्षेत्र में इस घटना से अफरातफरी का माहौल बन गया। कई घंटे बीत जाने के बाद भी लोग मृतकों की सही संख्या नहीं बता पा रहे थे, क्योंकि बेसुध अवस्था में निकाले गए लोगों को अन्य अस्पतालों में ले जाने की जानकारी मिली है। बचाव कार्य में अस्पताल के कर्मी पहले से लगे हुए थे, लेकिन बाद में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। ब्रह्मपुरा थाने के पुलिसकर्मियों ने बताया कि आग की सूचना शोरगुल के माध्यम से मिली थी। दमकलकर्मियों ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और 10 से 15 बेसुध लोगों को निकाला गया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
जिला प्रशासन की निगरानी
घटनास्थल पर पहुंचे डीएम सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर परिजनों ने शिकायतें की हैं। उन्होंने बताया कि आसपास के अस्पतालों में भी टीम यह देख रही है कि वहां से मरीजों को ले जाया गया है तो उनकी स्थिति कैसी है। राहत और बचाव कार्य में दमकलकर्मियों ने संतोषजनक कार्य किया है, अब यह देखना है कि बचाए गए बेसुध लोगों की स्थिति क्या है?
