मोगा की महिला SHO रिश्वत मामले में गिरफ्तार, कैमरे पर बोलीं 'ऑल इज वेल'
मोगा SHO रिश्वत मामले में गिरफ्तारी
मोगा SHO की गिरफ्तारी: पंजाब के मोगा जिले के कोट ईसे खां थाने की SHO, इंस्पेक्टर सुनीता बावा और होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी, जिसमें बावा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। सुनीता बावा की गिरफ्तारी के बाद उनके कैमरे पर दिए गए जवाब चर्चा का विषय बने हुए हैं। जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किए, तो उन्होंने कहा, “ऑल इज वेल।”
रिश्वत की राशि 80 हजार रुपये तय हुई थी
विजिलेंस के अनुसार, मोगा के नूरपुर हकीमा गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह ने उसे एक मामले में फंसाने की धमकी देते हुए 1 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में यह राशि 80 हजार रुपये पर तय हुई। शिकायतकर्ता ने पहले ही 20 हजार रुपये दे दिए थे और शेष राशि की मांग की जा रही थी। जांच में यह सामने आया कि 50 हजार रुपये की एक किस्त SHO सुनीता बावा के लिए थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया और ट्रैप की कार्रवाई की गई।
जीरा रोड पर गिरफ्तारी का जाल
विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत की जांच के बाद फिरोजपुर रेंज की टीम द्वारा जाल बिछाया। इंस्पेक्टर सुनीता बावा को 50 हजार रुपये लेते हुए दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई शनिवार रात लगभग 9 बजे जीरा रोड पर हुई। इस मामले में सुनीता बावा के साथ होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ फिरोजपुर स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद SHO का अनोखा अंदाज
गिरफ्तारी की खबर के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पत्रकार महिला अधिकारी से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बावा को मुस्कुराते हुए जवाब देते हुए देखा गया। जब उनसे स्थिति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा- “ऑल इज वेल, ऑल इज वेल।” रिश्वत के आरोपों पर सवाल उठाने पर उन्होंने कहा- “देखो, नया जेल मॉड्यूल शुरू हुआ है, देखते हैं क्या होता है।” जब उनसे पूछा गया कि ऐसी स्थिति में भी वह मुस्कुरा कैसे रही हैं, तो उन्होंने कहा- “बिल्कुल, बोल्ड रहना चाहिए। उतार-चढ़ाव चलते रहते हैं, कोई बात नहीं। उम्मीद अच्छी रखो।”
