यमुनानगर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी की गोली मारकर हत्या
यमुनानगर में हत्या की वारदात
यमुनानगर: यमुनानगर में एक ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस व्यवसायी हरभजन सिंह, जिन्हें यदि के नाम से जाना जाता है, की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब वह जिम से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने हरभजन सिंह को बेहद करीब से निशाना बनाया और उनके सिर पर कई गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने के कारण हरभजन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से कारोबारी पर हमला किया और फिर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीमें फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गईं। टीम ने मौके का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास की इमारतों और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, कारोबारी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं पर ध्यान केंद्रित कर मामले की जांच कर रही है।
