यूपी में प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस निलंबित, बड़ी कार्रवाई
प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र जारी करने में अनियमितता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रदूषण जांच के बिना वाहनों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) देने वाले 20 प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। परिवहन विभाग ने इन केंद्रों के प्राधिकार-पत्र को अग्रिम आदेश तक निलंबित किया है, जिससे ये केंद्र अब न तो वाहनों की जांच कर सकेंगे और न ही प्रमाणपत्र जारी कर पाएंगे।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि विभाग ने विभिन्न जिलों में प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण किया था। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों द्वारा की गई जांच में कई केंद्रों पर मानकों और तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। इसके बाद संबंधित केंद्र संचालकों को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किया गया था।
निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इन 20 केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उत्तर प्रदेश ऑनलाइन मोटरयान प्रदूषण जांच केंद्र योजना-2020 के तहत इनके प्राधिकार-पत्र निलंबित किए गए हैं।
