योग सप्ताह जागरूकता अभियान का शुभारंभ, पालिकाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
योग सप्ताह का उद्घाटन
महराजगंज :: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह जागरूकता अभियान की शुरुआत बुधवार को नगर पालिका परिषद नौतनवा के जलकल परिसर में पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी द्वारा विधिवत रूप से की गई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक शोभित सिंह ने उपस्थित सभासदों, नगर पालिका के कर्मचारियों और योग टीम के सदस्यों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, साथ ही स्वस्थ जीवन के लिए योग के महत्व पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के समापन पर पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि यदि सभी लोग योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं और तनावमुक्त जीवन जी सकते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, अशोक कुमार, राहुल दूबे, प्रधान लिपिक रमाशंकर सिंह, संजय मद्धेशिया, मनोज तिवारी, संजय मिश्रा, संतोष श्रीवास्तव, दीपु प्रजापति, रविकांत वर्मा, सत्यप्रकाश, उमेश चंद, आनंद कुमार, श्रवण कुमार, अमित कुमार, सुजीत चौधरी, राजकुमार गौड़ सहित नगर पालिका के कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 
