योगी सरकार का अनुपूरक बजट: शिवपाल यादव ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज विधानसभा में 25 हजार करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश करने वाली है। इस बजट को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया है, आरोप लगाते हुए कहा कि यह बजट सरकार की विफलताओं को छिपाने का प्रयास है। शिवपाल ने सवाल उठाया कि जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों पर जवाबदेही तय नहीं हो पाई, तो प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे? जानें पूरी खबर में और क्या कहा शिवपाल यादव ने।
| Aug 4, 2026, 10:32 IST
यूपी विधानसभा का मॉनसून सत्र
योगी सरकार का अनुपूरक बजट: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज विधानसभा के मॉनसून सत्र में 25 हजार करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है। इस बजट में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं की जा सकती हैं। हालांकि, मंगलवार को विधानसभा में हंगामे की संभावना बनी हुई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने इस बजट को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अनुपूरक बजट का सहारा ले रही है।
सपा नेता शिवपाल यादव ने मंगलवार को एक्स पोस्ट के माध्यम से योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "जिस सरकार का मूल बजट 30-50% तक खर्च नहीं हो पाया, वह अब अनुपूरक बजट के नाम पर अपनी नाकामी छिपाने आई है। भाजपा को यह बताना चाहिए कि जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों पर जवाबदेही तय नहीं हो पाई, तो प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे? यह सरकार विकास से ज्यादा प्रचार और जवाबदेही से ज्यादा बहानों में विश्वास करती है। उत्तर प्रदेश को अनुपूरक बजट नहीं, ईमानदार नीयत और बेहतर वित्तीय प्रबंधन की आवश्यकता है।"
