योगी सरकार ने 20 लाख आउटसोर्स कर्मियों के लिए UPCOS का शुभारंभ किया
उत्तर प्रदेश में UPCOS का अनावरण
उत्तर प्रदेश: बुधवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का लोगो अनावरण और शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लगभग 20 लाख आउटसोर्स कर्मियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। सीएम योगी ने कहा कि अब आउटसोर्सकर्मी अकेले नहीं हैं।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश की विकास यात्रा, जो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ी है, नगर निकाय के सफाईकर्मियों से लेकर सभी आउटसोर्स और स्थायी कर्मियों के प्रयासों का परिणाम है। शासन की जिम्मेदारी है कि हर व्यक्ति को उसकी गरिमा के अनुसार सम्मान मिले। UPCOS इसी गरिमा और गौरव को स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 2, 2026
मुख्यमंत्री ने वेतन वृद्धि को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया कि आउटसोर्स कंपनियों को अब कर्मचारियों का वेतन काटने की अनुमति नहीं होगी। सरकार आउटसोर्स कंपनियों को अलग से सर्विस चार्ज देगी, जिससे कर्मचारियों के वेतन में कोई कटौती नहीं होगी। ईपीएफ और भविष्य निधि का पैसा उनके नाम पर सुरक्षित रहेगा। हर आउटसोर्स कर्मी को उनकी मेहनत के अनुसार मानदेय मिलेगा और श्रम का सम्मान होगा।
सीएम योगी ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत कर्मियों को न्यूनतम 16 से 20 हजार रुपए और श्रेणी के अनुसार अधिकतम 40 हजार रुपए तक मानदेय मिलेगा। चपरासी और चौकीदार को 10 हजार की जगह 18 हजार, जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा एंट्री ऑपरेटर को 14 हजार की जगह 23 हजार रुपए दिए जाएंगे। वेतन हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा, साथ ही 13% EPF और 3.25% ESI भी मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि कोई आउटसोर्सिंग कंपनी कर्मचारियों को निकाल नहीं सकती। निकालने के लिए पहले सरकार को सूचित करना होगा। सरकार जांच करेगी, और यदि शिकायत गलत पाई गई, तो कोई भी कर्मचारी प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच का रिश्ता केवल वेतन का नहीं, बल्कि विश्वास का होता है। कर्मचारियों को यह महसूस होना चाहिए कि उनके कार्य का रिकॉर्ड रखा जा रहा है और उनकी समस्याओं को सुना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले की सरकारें आउटसोर्स कर्मचारियों को बोझ मानती थीं। उन्होंने अपने रिश्तेदारों की कंपनियों का निर्माण किया था, जो भर्ती और यूनिफॉर्म के नाम पर शोषण करती थीं। हमने आउटसोर्स कर्मियों को बोझ नहीं, बल्कि संपत्ति माना है। नई व्यवस्था में पूरा सिस्टम बिचौलियों से मुक्त होगा। जानकारी के लिए एक पोर्टल होगा, और भर्ती GeM पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से होगी।
सीएम ने कहा कि जब किसी व्यक्ति को समय पर लाभ मिलता है, तो उसके घर में बच्चों की शिक्षा और मां की दवा सुरक्षित होती है। हम इस निगम के माध्यम से 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवर देने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी उपस्थित थे।
