रांची में छात्रों का बड़ा प्रदर्शन, विधानसभा घेराव की कोशिश
रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। ये छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं। रात भर 5,000 से अधिक छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में इकट्ठा रहे। सुबह होते ही छात्रों का समूह विधानसभा की दिशा में बढ़ने लगा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुराने विधानसभा से नए विधानसभा के बीच की चार बैरिकेडिंग को पार कर लिया है। इसके बाद छात्र जगन्नाथपुर मंदिर के पास पहुंचे, जहां पुलिस ने एक और बैरिकेडिंग लगा रखी है। आगे बढ़ने की कोशिश करने पर छात्रों को कंटीली बैरिकेडिंग का सामना करना पड़ सकता है।

प्रदर्शन को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। विधानसभा के आसपास कई स्थानों पर कंटीले तार लगाए गए हैं। प्रशासन ने BNS की धारा 163 लागू कर दी है। सुरक्षा के लिए छह स्तर की व्यवस्था की गई है और CCTV कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। विधानसभा से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर वाटर कैनन भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
इस बीच, छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे भाजपा विधायक भी CM हाउस के सामने धरने पर बैठ गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाद में वहां से हटा दिया।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने आरोप लगाया कि रांची पहुंचने से पहले ही उन्हें कई स्थानों पर रोका गया। छात्रों के अनुसार, बसों को रोका गया और सख्ती से चेकिंग की गई। बाइकों की भी जांच की गई। छात्रों ने कहा कि जब तक सरकार CBI जांच का आदेश नहीं देती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे पीछे नहीं हटेंगे।
