Newzfatafatlogo

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 का मतदान जारी, नेताओं ने की वोटिंग की अपील

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने नागरिकों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें। मतदान के महत्व पर जोर देते हुए नेताओं ने कहा कि हर वोट नगर के विकास और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।
 | 

मतदान का दूसरा चरण शुरू

जयपुर: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुक्रवार को जारी है। इस चरण में 147 निकायों के 4,774 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने नागरिकों से सक्रिय रूप से मतदान करने की अपील की है।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "प्रिय प्रदेशवासियो, आज नगर निकाय चुनाव-2026 का द्वितीय चरण है। आइए, हम सभी मिलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।"


उन्होंने आगे कहा कि हर एक वोट नगर के विकास, बेहतर सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। इसलिए मतदान के दिन घर से बाहर निकलें और अपने मत का प्रयोग करें।


सीएम ने पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि जो युवा साथी पहली बार मतदान कर रहे हैं, वे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।


उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने लिखा, "पहले मतदान, फिर जलपान। आज नगर निकाय चुनाव 2026 के अंतर्गत द्वितीय चरण के मतदान में सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।"


राजस्थान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने भी इसी नारे के साथ लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका हर एक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने के साथ ही आपके शहर के विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।