राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को मिला प्रतिष्ठित ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप’ प्रमाणपत्र
राम जन्मभूमि को मिला सम्मान
नई दिल्ली. अयोध्या में स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इसे ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप’ (Eat Right Place of Worship) का प्रमाणपत्र दिया गया है, जो खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को पूरा करने के बाद मिला है। यह प्रमाणपत्र एक विशेष समारोह में FSSAI के CEO रजित पुनहानी द्वारा सौंपा गया। यह प्रमाणपत्र दो वर्षों के लिए मान्य रहेगा।
11 अक्टूबर को, श्री राम के भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण समाचार आया। श्री राम जन्मभूमि को FSSAI द्वारा ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप-BHOG’ प्रमाणपत्र दिया गया है। खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और प्रसाद की गुणवत्ता के मानकों पर मूल्यांकन में, श्री राम मंदिर ने 114 में से 103 अंक प्राप्त कर ‘अतिविशिष्ट’ श्रेणी में स्थान पाया। अयोध्या के छह प्रमुख पूजा स्थलों को यह प्रमाणपत्र मिला है।
प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम में FSSAI के CEO राजित पुनहानी अपनी टीम के साथ अयोध्या पहुंचे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) की विशेष सचिव रेखा चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि FSSAI के ‘ईट राइट’ अभियान के तहत मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर प्रसाद की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा का ऑडिट किया जाता है। मानकों पर खरा उतरने वाले पूजा स्थलों को BHOG प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है।
राजित पुनहानी ने कहा कि प्रसाद केवल भोजन नहीं है, बल्कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और गरिमा का प्रतीक है। श्रद्धालुओं तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसाद पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि ‘सुरक्षित है तो खाद्य है’ अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ पूजा स्थलों को भी प्रमाणित किया जा रहा है।
