राहुल गांधी ने साझा की मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ बातचीत की यादें
राहुल गांधी की भावनात्मक पोस्ट
नई दिल्ली - लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उन्होंने अपने सातवें जन्मदिन की यादों को ताजा करते हुए, मां की किताब में शामिल न की गई कुछ बातों के बारे में भी लिखा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, '1980 ने हर सोच बदल दी।' उन्होंने आगे कहा, 'कार्यक्रम योजना के अनुसार नहीं हुआ और मेरा सातवां जन्मदिन भी वैसा नहीं रहा। 2004 के फैसले से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ को खुशी मिली। पापा की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था, और 500 से अधिक पन्नों के बावजूद, मां ने अपनी किताब में कुछ बातें शामिल नहीं की हैं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'प्रियंका और मैंने अपनी मां के साथ बैठकर इन सब पर चर्चा की। उन यादों में वापस जाने से वह खुशी, हंसी और उस समय का दर्द फिर से ताजा हो गया। मां का अपनापन खोजने का सफर प्यार और त्रासदियों से भरा रहा है, और उन्होंने इन सबका सामना गरिमा और हिम्मत के साथ किया है।'
राहुल की पोस्ट को सोनिया गांधी ने रीपोस्ट करते हुए लिखा, 'मैंने 'बिलॉन्गिंग' अपनी यादों के आधार पर लिखी है। राहुल और प्रियंका ने इसमें अपनी यादें जोड़ीं, जिससे इन कहानियों में नई जान आ गई। मेरे बच्चे मेरी सबसे बड़ी खुशी और ताकत हैं। वे ऐसे दो लोग हैं, जो मेरे धैर्य की परीक्षा किसी और से कहीं ज्यादा लेते हैं।'
गौरतलब है कि सोनिया गांधी की किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' है, जो हाल ही में प्रकाशित हुई है। इसमें उनके बचपन, इटली से भारत आने, राजीव गांधी से मुलाकात और शादी के अनुभव शामिल हैं। किताब में इंदिरा गांधी और 1991 में राजीव गांधी की हत्या से जुड़े घटनाक्रम, राजनीति से दूरी, कांग्रेस की कमान संभालने और प्रधानमंत्री पद न स्वीकारने के निर्णय जैसे विषयों का जिक्र है।
