राहुल गांधी पर दिनेश प्रताप सिंह का तीखा हमला, योजनाओं में खामियां ढूंढने का आरोप
राज्यमंत्री का राहुल गांधी पर आरोप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर कड़ा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का ध्यान जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करने के बजाय ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं में खामियां खोजने पर अधिक था। मंत्री ने कहा कि बैठक में राहुल गांधी के व्यवहार से निराशा हुई।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर उठाए सवाल
राज्यमंत्री ने कहा कि दिशा बैठक में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के संदर्भ में राहुल गांधी ने अधिकारियों से पूछा कि इस योजना का उद्देश्य क्या है। यदि दिशा समिति के अध्यक्ष को ही योजना की जानकारी नहीं है, तो उसका अनुश्रवण कैसे होगा? इसके बाद, उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार पर होने वाले खर्च को जानने पर जोर दिया, जिससे ऐसा प्रतीत हुआ कि योजना के लाभ को बढ़ाने के बजाय उसमें खामियां ढूंढना उनकी प्राथमिकता थी। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल सरकारी नहीं, बल्कि बेटियों और मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में, उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
राहुल गांधी का ‘डरो मत’ संदेश
दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी के ‘डरो मत’ संदेश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रायबरेली में उन्होंने सांसद निधि से कराए गए कार्यों का उद्घाटन अपने निजी आवास से किया, जबकि बाहर का गेट बंद था। मीडिया के लोग सुबह से इंतजार करते रहे, लेकिन राहुल गांधी जनता को शुभकामनाएं देने तक नहीं आए।
योगी सरकार की प्राथमिकताएं
राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनता की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नीति के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की सराहना देश के साथ-साथ अन्य देशों के प्रतिनिधियों द्वारा भी की गई है।
अखिलेश यादव के दौरे पर प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे में हेलीपैड की अनुमति पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलना किसी राजनीतिक भय का विषय नहीं है। योगी सरकार ने कभी भी अखिलेश यादव को कहीं जाने से नहीं रोका। उन्होंने सपा अध्यक्ष की राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ी टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
