रूस का कीव पर बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला: 5 मृत, 34 घायल
रूस-यूक्रेन युद्ध में नया मोड़
कीव: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष ने एक बार फिर गंभीर स्थिति ले ली है। हाल ही में यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के जवाब में, रूस ने गुरुवार की सुबह कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इस हमले में कम से कम पांच लोगों की जान चली गई और 34 अन्य घायल हुए हैं। कई आवासीय इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, और राहत कार्य जारी है क्योंकि मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
हमले के बाद कीव में धमाकों और आग की लपटों का मंजर देखने को मिला। शहर के विभिन्न हिस्सों में भीषण आग लग गई, और एक नौ मंजिला आवासीय इमारत पूरी तरह से ढह गई। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की खोज में जुटा है।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, हमले से कुछ घंटे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने नागरिकों को संभावित हमले के बारे में चेतावनी दी थी। उन्होंने लोगों से कहा था कि जब हवाई हमले का सायरन बजे, तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
चेतावनी के बाद, बुधवार रात सायरन बजते ही बड़ी संख्या में लोग अपने पालतू जानवरों और आवश्यक सामान के साथ मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में शरण लेने पहुंचे। रात करीब दो बजे, राजधानी में कई जोरदार विस्फोट हुए।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले के कारण शहर के मध्य क्षेत्र में कई स्थानों पर आग लग गई। एक होटल की छत समेत कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पांच मेडिकल कर्मियों के घायल होने की भी पुष्टि हुई है।
रूस के हमले के मद्देनजर, पड़ोसी देश पोलैंड ने अपनी वायुसेना को अलर्ट पर रखा था। हालांकि, स्थिति सामान्य होने पर सुरक्षा उड़ानों को रोक दिया गया। पोलैंड की सशस्त्र सेना ने सोशल मीडिया पर बताया कि हमले के दौरान उसकी हवाई सीमा का उल्लंघन नहीं हुआ।
यह हमला उस समय हुआ है जब यूक्रेन ने रूस के अंदर, विशेषकर मॉस्को और क्रीमिया में ड्रोन हमलों को तेज कर दिया है। यूक्रेन लगातार रूस के ईंधन भंडारण और सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध को जारी रखना चाहते हैं, इसलिए ऐसी परिस्थितियों का निर्माण करना होगा जिससे उनके लिए युद्ध जारी रखना कठिन हो जाए।
वहीं, रूस की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यूक्रेन को निरंतर हथियारों की आपूर्ति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं, जिससे वैश्विक शांति को खतरा हो सकता है। रूस ने राष्ट्रपति जेलेंस्की पर भी तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘आतंकवादी सोच’ वाला नेता बताया।
