रूस का यूक्रेन पर नया मिसाइल हमला, भारी तबाही और जान-माल का नुकसान
रूस का भीषण हमला
कीव। रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलों से भयंकर हमला किया है, जिससे देश के कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले की संभावना पहले ही व्यक्त की थी। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूसी सेना ने गुरुवार तड़के 74 क्रूज़, बैलिस्टिक और हाइपरसोनिक मिसाइलों के साथ-साथ 284 शाहेद-प्रकार के ड्रोन दागे। हालांकि, यूक्रेनी एयर डिफेंस ने कई हमलों को नाकाम कर दिया, लेकिन मिसाइलों के मलबे और सीधे हमलों के कारण कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ।
जान-माल का नुकसान
इस बड़े हवाई हमले में अब तक कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कीव, ल्वीव, क्रिवी रीह और पोल्टावा क्षेत्र इस हमले से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि मिसाइलों के मलबे गिरने से स्वातोशिनस्की और ओबोलोन्स्की जिलों में बाजारों और गैर-आवासीय इमारतों में आग लग गई। धमाकों की आवाज़ के बीच स्थानीय नागरिकों को रातभर मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में छिपना पड़ा। इस आपात स्थिति को देखते हुए पड़ोसी देश पोलैंड ने अपनी हवाई सुरक्षा को बढ़ाते हुए लड़ाकू विमानों को तैनात किया है।
जेलेंस्की की चेतावनी
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हमले से पहले बुधवार रात को सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को सचेत किया था। उन्हें वायु सेना कमांडर से जानकारी मिली थी कि रूस एक बड़े हमले की योजना बना रहा है। हाल ही में अमेरिका से लौटने के बाद जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा पूरी तरह से पश्चिमी मिसाइल-रोधी प्रणालियों की समय पर आपूर्ति पर निर्भर है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल प्रणालियों के घरेलू निर्माण का लाइसेंस देने पर सहमति जताई है, जो भविष्य में इस प्रकार के हमलों को रोकने में मददगार साबित हो सकती हैं।
